2 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक
शत प्रतिशत से अधिक प्राप्त किया गया लक्ष्य
सीहोर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत जिले में 2 लाख 829 बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पल्स पोलियो खुराक पिलाई गई। प्रथम दिवस 19 जनवरी को बूथ स्तर पर तथा 20 एवं 21 जनवरी को दो दिवस घर-घर पहुंचकर बूथ से छूटे हुए 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई गई। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ एम.चंदेल के अनुसार प्रथम दिवस 19 जनवरी को 1 लाख 48 हजार 722 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। वहीं 20 जनवरी को 38 हजार 782 तथा 21 जनवरी का तृतीय दिवस 13 हजार 454 बच्चों को पोलियो खुराक दो बूंद जिंदगी की पिलाई गई। निर्धारित लक्ष्य 2 लाख 829 के विरूद्ध 2 लाख 958 बच्चों को अभियान के अंतर्गत पोलियो खुराक पिलाई गई। 49 ट्रांजिट टीम भी अभियान की शत प्रतिशत सफलता के लिए तैनात की गई है। 3432 वैक्सीनेटर ,218 सुपरवाईजर को पल्स पोलियो अभियान के लिए लगाया गया है। 81 वाहनों के माध्यम से ग्राम स्तर पर जिला स्तरीय एवं ब्लाक स्तरीय मानीटरिंग दलों द्वारा मैदानी स्तर पर भ्रमण कर पल्स पोलियो अभियान की मानीटरिंग की गई। पल्स पोलियो अभियान की सफलता के लिए विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के एन.एस.एस., एन.सी.सी.दलों सहित कई स्वयं सेवी संस्थाओं का भी विशेष सहयोग रहा।