top of page

10 आईएएस अधिकारियों का तबादला, निकुंज श्रीवास्तव बने विज्ञान-प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव

भोपाल,(निप्र)। राज्य शासन द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 10 अधिकारियों का तबादला करते हुए उनकी नवीन पदस्थपना की है। इस संबंध में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस ने बुधवार को आदेश जारी किया है।जारी आदेश के अनुसार, इनमें नगरीय प्रशासन एवं विकास के कमिश्नर निकुंज कुमार श्रीवास्तव को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का प्रमुख सचिव बनाया गया है। वहीं, राजस्व मंडल के प्रशासकीय सदस्य मनु श्रीवास्तव को कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग में प्रमुख सचिव पदस्थ किया गया है, जबकि कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग की प्रमुख सचिव स्मिता भारद्वाज को मप्र मानवाधिकार आयोग में सचिव और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव अमित राठौर को राजस्व मंडल में प्रशासकीय सदस्य नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार मप्र मानवाधिकार आयोग के सचिव शोभित जैन को मप्र राज्य खाद्य आयोग में सदस्य सचिव बनाया गया है, जबकि मप्र राज्य खाद्य आयोग की सदस्य सचिव अलका श्रीवास्तव को मप्र राज्य उपभोक्ता प्रतितोषण विवाद आयोग की रजिस्ट्रीर नियुक्त किया गया है। वहीं, मप्र गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के आयुक्त भरत यादव को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में आयुक्त, पंचायत राज संचालक आलोक कुमार सिंह को मप्र राज्य सहकारी विपणन संघ में प्रबंध संचालक, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव अमर पाल सिंह को पंचायत राज संचालक और राजस्व मंडल के सचिव वीरेन्द्र कुमार को मप्र शासन में उप सचिव पदस्थ किया गया है।