कमलनाथ ने विधानसभा के लिए कांग्रेस का वचन पत्र तैयार करने बनाई सलाहकार कमेटी

भोपाल (आरएनएस)। मध्य प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने अगले विधानसभा चुनाव-2023 के लिए सलाहकार कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी कांग्रेस पार्टी के वचन पत्र बनाए जाने से पूर्व विभिन्न सामाजिक संगठनों ,वर्गों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं एवं सिविल सोसायटी सदस्यों से विचार मंथन करेगी। इस वचन पत्र सलाहकार कमेटी का अध्यक्ष कांग्रेस नेता राजेंद्र कुमार सिंह को बनाया गया है। इनके अलावा कमेटी में 18 सदस्य नियुक्त किए गए हैं। बाला बच्चन को उपाध्यक्ष और संयोजक की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा सज्जन वर्मा, विजयलक्ष्मी साधौ, एनपी प्रजापति, लाखन सिंह यादव, मुकेश नायक, सुखदेव पांसे, ओमकार मरकाम, तरुण भनोट, कमलेश्वर पटेल, आरिफ मसूद, फूल सिंह बरैया, सैयद साजिद अली, शोभा ओझा, वी के बाथम, केदार सिरोही, वीरेन्द्र खोंगल, महेन्द्र सिंह सदस्य बनाए गए है। साथ ही विशेष आमंत्रित सदस्य में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और कांग्रेस के दिग्गज नेता सुरेश पचौरी, विवेक तन्खा, कांतिलाल भूरिया, अजय सिंह राहुल, अरुण यादव, मीनाक्षी नटराजन को शामिल किया है।