ओलम्पिक रद्द करने के बजाये एक और स्थगन हो सकता है विकल्प

टोक्यो । टोक्यो 2020 के बोर्ड सदस्य हारुयुकि ताकाहाशी ने कहा है कि यदि कोरोना वायरस महामारी की स्थिति में सुधार नहीं होता है तो पहले से ही स्थगित ओलम्पिक को रद्द करने के बजाए इसे फिर स्थगित करना एक और विकल्प हो सकता है। जापानी मीडिया ने यह खबर दी है। जापानी सरकार और अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) ने कोरोना के कारण मार्च में ओलम्पिक को जुलाई 2021 तक स्थगित करने का फैसला किया था। टोक्यो ओलम्पिक इस साल 24 जुलाई से शुरू होने थे लेकिन इनका आयोजन 23 जुलाई 2021 से किया जाएगा। आईओसी अध्यक्ष थामस बाक ने कहा है कि यदि ओलम्पिक अगले साल नहीं हो पाते हैं तो इन्हें रद्द कर दिया जाएगा। लेकिन ताकाहाशी का कहना है कि इन खेलों को रद्द करने का बड़ा आर्थिक प्रभाव पड़ेगा।
ताकाहाशी ने कहा, खेलों को रद्द करने का जापान और विश्व अर्धव्यवस्था पर गहरा प्रभाव पड़ेगा और खेलों को रद्द करने से पहले इन्हें एक और बार स्थगित करने पर विचार किया जा सकता है। टोक्यो 2020 के अध्यक्ष योशिरो मोरी ने आयोजन समिति के कार्यकारी बोर्ड की शुक्रवार को हुई बैठक में कहा था कि खेलों को रद्द करने के बारे में आईओसी से कोई विचार नहीं किया गया है।