top of page

उप्र में कोई भी सुरक्षित नहीं, लोग खुद करें अपनी सुरक्षा : अखिलेश



लखनऊ, । समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर एक बार फिर योगी सरकार पर हमला बोला है। समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर शनिवार को उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है।

अखिलेश ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था इतनी खराब हो गयी है कि यहां किसी की कहीं भी हत्या हो सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को अब अपनी सुरक्षा खुद करनी पड़ेगी। इसके लिए उन्हें सतर्क रहना पड़ेगा। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सबसे झूठी पार्टी है। भाजपा व उसकी सरकार से न्याय की उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ठोको नीति के चलते शासन-प्रशासन के माध्यम से हत्याएं हो रही हैं। स्वामी चिन्मयानंद का नाम लिए बिना कहा कि ये सरकार बेटी को जेल भेज रही है और तेल मालिश कराने वालों के साथ खड़ी है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने आज फिर झांसी के पुष्पेंद्र यादव मुठभेड़ मामले को उठाया। कहा कि पुष्पेंद्र की हत्या की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और सरकार के लोगों ने पहले पुष्पेंद्र को अपराधी बताया, फिर उसकी हत्या कर दी। इससे पहले सपा मुखिया ने राजधानी स्थित लोहिया पार्क में डॉक्टर राम मनोहर लोहिया को माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि आज बेरोजगारी और मंहगाई से पूरा देश परेशान है। ऐसे में डॉक्टर लोहिया, महात्मा गांधी, जय प्रकाश नारायण और डॉक्टर आंबेडकर के बताए रास्ते पर चलकर ही लोगों को इन समस्याओं से निजात दिलाई जा सकती है।

इस अवसर पर बसपा के पूर्व विधायक केके ओझा ने अपने समर्थकों के साथ सपा में शामिल होने की घोषणा की। कार्यक्रम में सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चैधरी, प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री अहमद हसन, फाकिर सिद्दिकी, उदयवीर सिंह और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल समेत तमाम लोग उपस्थित रहे।