उद्धव सरकार के कारण हाथ से निकल गया मराठा समाज को मिला हुआ आरक्षण : भाजपा
मुंबई । महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने महाविकास आघाड़ी सरकार पर मराठा आरक्षण का खून करने का आरोप लगाया है। पाटिल ने कहा कि भाजपा मराठा आरक्षण के लिए निकलने वाले आंदोलनों में सक्रिय रूप से सहभागी होगी। चंद्रकांत ने मुंबई में रविवार को पत्रकारों से कहा कि भाजपा सरकार ने हर तरह की तैयारी कर मराठा समाज को आरक्षण दिया था लेकिन शिवसेना-नीत उद्धव ठाकरे की सरकार की लापरवाही की वजह से मराठा समाज को मिला हुआ आरक्षण हाथ से निकल गया। भाजपा ने मराठा आरक्षण निरस्त होने के कारणों का पता लगाने के लिए कानून के जानकारों की समिति गठित की है। समित में पूर्व मंत्री आशीष शेलार, विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष प्रवीण दरेकर, विनायक मेटे, नरेंद्र पाटिल, श्रीकांत भारतीय को शामिल किया गया है। यह समिति राज्य सरकार की ओर से मराठा आरक्षण के लिए की गई लापरवाही का पता लगाएगी और उसे जनता के बीच सार्वजनिक किया जाएगा। पाटिल ने कहा कि भाजपा पूरी तरह से मराठा समाज के साथ है। मराठा समाज के आरक्षण के लिए निकाले जाने वाले हर आंदोलन में भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के झंडे के साथ शामिल होंगे।