top of page

आष्टा विधानसभा के सैकड़ों कांग्रेसी नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की


भोपाल (निप्र)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा के समक्ष बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर आष्टा विधानसभा से तीन बार चुनाव लड़े कांग्रेस प्रत्याशी गोपाल सिंह इंजीनियर के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। गोपाल सिंह इंजीनियर के साथ उनकी धर्मपत्नि व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कृष्णाबाई मालवीय एवं अन्य पांच जिला पंचायत संदस्य, एक जनपद सदस्य एवं बीस से अधिक सरपंच और कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने गोपाल सिंह एवं सभी कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र पहनाकर पार्टी में उनका स्वागत किया। कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास का दूसरा नाम है। चाहे गरीबों के लिए मकान बनाने की बात हो, उन्हें नल कनेक्शन देने की बात हो, संबल योजना या फिर किसानों का कर्ज माफ करने जैसे सभी काम भारतीय जनता पार्टी ने किये हैं। आप सभी ने बिल्कुल सही फैसला लिया है, मैं आपके फैसले का स्वागत करता हॅू। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा में रहकर ही आप सबकी सेवा कर सकते हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर हम जनता की सेवा करनी है, जिससे स्वयं के जीवन की सार्थकता एवं जनता का भी भला होगा। श्री चौहान ने कहा कि जिस विश्वास के साथ आपने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है, उस विश्वास को हम कभी टूटने नहीं देंगे।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भाजपा में शामिल हुए सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि आपको भाजपा में कार्य करते हुए आनंद आयेगा, क्योंकि यह परिवार भाव से काम करने वाला कार्यकर्ता आधारित दल है। जिस प्रकार से परिवार में आत्मीयता का भाव होता है, उसी प्रकार भारतीय जनता पार्टी आत्मीय भाव के साथ काम करने वाला विश्व का सबसे बड़ा दल है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की एक और विशेषता है, जिसमें बूथ का अध्यक्ष भी राष्ट्रीय अध्यक्ष और एक गरीब का बेटा भी देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने विश्वास दिलाते हुए कहा कि आपको कभी ऐसा महसूस नहीं होगा कि आप किसी अन्य दल से आये हैं। हम सभी एक परिवार की भांति मिलकर काम करेंगे। मैं सभी का पार्टी में हार्दिक अभिनंदन करता हॅू, स्वागत करता हॅू।

इस अवसर पर सांसद रमाकांत भार्गव, पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी, सीहोर जिला अध्यक्ष रवि मालवीय, आष्टा विधायक रघुनाथ मालवीय, राकेश सुराना, ललित नागौरी, धारासिंह पटेल, मंडल अध्यक्ष अतुल शर्मा सहित आष्टा विधानसभा के वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित थे।