
आज करवा चौथ पर महिलाएं रखेंगी निर्जला व्रत

नर्मदापुरम (निप्र)। करवा चौथ के अवसर पर आज सुहागन महिलाएं पति की दीर्घायु के लिए व्रत रखेंगी। करवा चौथ के व्रत से संबंधित सामग्री की शहर में करीब दो सौ दुकानें सजी हुई हैं। सबसे ज्यादा दुकानें सतरस्ते पर लगी हुई हैं। जहां पिछले तीन दिनों से इन दुकानों में सजे धजे करवा, सीक के अलावा अन्य सामग्री भी खूब बिक रही हैं। इस मौके पर महिलाएं समूह में बाजार में खरीद फरोख्त में लगी हुई हैं। दिन भर बाजार में खासी रौनक रही। स्थानीय महिलाएं अपने पति के साथ सामग्री खरीदने में व्यस्त रही। इस बार करवा चौथ विशेष मुहुर्त। लेकर आ रहा है इस कारण भी सुहागन महिलाओं में विशेष उत्साह है। बाजार में पहली बार करवा चौथ का व्रत करने वाली महिलाओं के साथ उनके परिजन सामग्री क्रय करने के लिए पहुंचे थे। उनमें विशेष उत्साह बना हुआ है।
चौथ तिथि के अवसर पर चार घड़ी के बाद अर्थात रात्रि के पहले पहर में 8.20 बजे के करीब चांद के दर्शन हो सकेंगे। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार मौसम मिला जुला रहेगा। कभी बादल कभी हवा बादल को उड़ा कर ले जाएगी। इस कारण बादल नहीं रहने पर चांद के दर्शन ठीक से हो सकेंगे। करवा चौथ के मौके पर अनेक महिलाएं सायं को अपनी छत पर अपने परिसर की या मोहल्ले की महिलाओं के साथ तुलसी कोट को रख कर पूजन करती हैं। उसके बाद चांंद के दर्शन का इंतजार शुरू हो जाता है। महिलाएं इस व्रत में पानी भी ग्रहण नहीं करती हैं। इस कारण इस कठिन व्रत में दिन भी बड़ा लगता है।
0000